Jamshedpur News : कदमा थाना क्षेत्र में महिला से सोने की चेन छिनतई मामले का पुलिस ने सफल उद्भेदन करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में दो छिनतई करने वाले अपराधी और एक ज्वेलरी दुकानदार शामिल है, जिसने लूटी गई चेन को खरीदकर उसे पिघला दिया था।सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि 2 मई 2026 को कदमा थाना अंतर्गत अनिल सुरपथ रोड पर स्कूटी सवार दो अज्ञात अपराधियों ने अनिता चौधरी के गले से सोने की चेन छीन ली थी और मौके से फरार हो गए थे। घटना के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सिटी एसपी के नेतृत्व में विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया।
तकनीकी जांच और सूचना के आधार पर हुई गिरफ्तारी
पुलिस ने तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर जांच करते हुए 6 मई को टाटा वर्कर्स यूनियन हाई स्कूल, कदमा के पास से दो अपराधियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आदित्यपुर निवासी 26 वर्षीय प्रकाश पटेल और कदमा भाटिया बस्ती निवासी 25 वर्षीय प्रीतम सिंह उर्फ पोदो के रूप में हुई है।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि छिनतई की गई सोने की चेन को कदमा स्थित जेपी ज्वेलर्स के संचालक निखिल सोनी को 25 हजार रुपये में बेच दिया गया था। इसके बाद पुलिस ने निखिल सोनी को भी गिरफ्तार कर लिया।
जांच में सामने आया कि निखिल सोनी ने चेन को पिघलाकर तीन सोने की अंगूठियों में बदल दिया था। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर करीब 5 ग्राम वजन की तीन सोने की अंगूठियां, घटना में प्रयुक्त एक्टिवा स्कूटी और 15 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
मुख्य आरोपी पर पहले से दर्ज हैं कई मामले
पुलिस के अनुसार, आरोपी प्रकाश पटेल का पूर्व में चोरी, गृहभेदन और आर्म्स एक्ट के मामलों में भी आपराधिक इतिहास रहा है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले में आगे की कार्रवाई करते हुए आरोपियों के अन्य आपराधिक नेटवर्क की भी जांच कर रही है।