Dhanbad Crime News: धनबाद पुलिस ने कुख्यात अपराधी प्रिंस खान के नाम पर कारोबारियों से रंगदारी मांगने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है. मामले में चार अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है. इसकी जानकारी सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने प्रेस वार्ता में दी.
पुलिस के अनुसार 6 मई को गुलाम अंसारी को फोन कर खुद को प्रिंस खान गैंग का सदस्य बताने वाले अपराधियों ने जान से मारने की धमकी दी थी और 1 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी थी. इस संबंध में बरवाअड्डा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी.
शिकायत के बाद धनबाद पुलिस तुरंत सक्रिय हुई. तकनीकी सेल की मदद से मोबाइल नंबर और लोकेशन ट्रेस कर विशेष छापेमारी टीम बनाई गई. टीम ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान देवानंद सिंह उर्फ चंदन सिंह, बालक कुमार दास, मो. नासिर अंसारी उर्फ जयकांत सिकरे और सुरेंद्र कुमार महतो उर्फ गोलक के रूप में हुई है. पूछताछ में सभी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है.
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने गुलाम अंसारी के अलावा असर्फी अस्पताल के संचालक से भी प्रिंस खान के नाम पर रंगदारी मांगी थी. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह का संबंध किसी बड़े आपराधिक नेटवर्क से तो नहीं है.
आरोपियों के पास से दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं, जिनका इस्तेमाल रंगदारी मांगने में किया गया था. पुलिस कॉल डिटेल और अन्य संपर्कों की जांच कर रही है.
सिटी एसपी ने कहा कि संगठित अपराध और रंगदारी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.