West Bengal News: चुनाव बाद बंगाल में बढ़ते तनाव के बीच कोलकाता पुलिस ने सख्त रुख अपना लिया है. शहर के पुलिस आयुक्त अजय कुमार नन्द ने साफ कर दिया है कि किसी भी तरह की हिंसा या डर का माहौल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और नियम तोड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी.
बुलडोजर के साथ जुलूस पर रोक, बिना अनुमति रैली पर कार्रवाई
लालबाजार मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान CP ने कहा कि विजय जुलूस या किसी भी रैली में बुलडोजर या भारी मशीनों के इस्तेमाल पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है. अगर कोई ऐसा करता है तो न सिर्फ जुलूस निकालने वालों पर, बल्कि मशीन मालिक पर भी सख्त कार्रवाई होगी और मशीन जब्त की जा सकती है. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी रैली या शोभायात्रा के लिए पहले से पुलिस की लिखित अनुमति लेना अनिवार्य है. बिना अनुमति जुलूस निकालने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी. साथ ही लोगों से अपील की गई कि अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी समस्या की जानकारी तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को दें.
80 गिरफ्तार, 240 QRT अलर्ट पर, न्यू मार्केट घटना की जांच
CP के अनुसार अब तक हिंसा फैलाने के आरोप में 80 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है और विशेष अभियान (Special Drive) लगातार जारी है. शहर की सुरक्षा के लिए 65 कंपनियां तैनात की गई हैं, जबकि 240 क्विक रिस्पांस टीम (QRT) को हाई अलर्ट पर रखा गया है. इसके अलावा लालबाजार में CAPF की निगरानी में एक इंटीग्रेटेड कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है.
मंगलवार को न्यू मार्केट इलाके में बुलडोजर से दुकान तोड़े जाने और हंगामे की घटना पर CP ने कहा कि पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है. मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों की भूमिका की भी समीक्षा की जा रही है कि समय पर कार्रवाई क्यों नहीं हुई.