Potka News: पोटका विधानसभा क्षेत्र में विकास को नई रफ्तार देते हुए हाईकेगोड़ा चौक से धोवाडूंगरी होते हुए चांगीरा तक बनने वाली 3.70 किलोमीटर लंबी सड़क का बुधवार को विधायक संजीव सरदार ने विधिवत शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनने वाली इस सड़क पर करीब 3 करोड़ रुपये की लागत आएगी। शिलान्यास के मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे और क्षेत्र में इस पहल को लेकर खुशी का माहौल दिखा।
गांवों को मिलेगा बेहतर संपर्क, सफर होगा आसान
यह सड़क लंबे समय से स्थानीय लोगों की मांग रही थी। इसके निर्माण से हाईकेगोड़ा, धोवाडूंगरी और चांगीरा समेत आसपास के गांवों के बीच संपर्क मजबूत होगा। खासकर बारिश के मौसम में आवागमन की समस्या से जूझ रहे लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच पहले से अधिक सुगम हो जाएगी।
हेमंत सरकार की प्राथमिकता, गांव-गांव तक विकास
शिलान्यास के दौरान विधायक संजीव सरदार ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए लगातार काम कर रही है। मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के जरिए सड़क नेटवर्क को मजबूत किया जा रहा है, जिससे गांव और शहर के बीच की दूरी कम हो रही है और लोगों के जीवन स्तर में सुधार आ रहा है।
गुणवत्ता और समयसीमा पर जोर, ग्रामीणों को मिली जिम्मेदारी
विधायक ने संबंधित विभाग और संवेदक को सख्त निर्देश दिए कि सड़क निर्माण कार्य तय समय सीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। उन्होंने ग्रामीणों से भी अपील की कि वे निर्माण कार्य की निगरानी करें और किसी भी प्रकार की लापरवाही की सूचना तुरंत दें, ताकि क्षेत्र को टिकाऊ और बेहतर सड़क सुविधा मिल सके।