Seraikela News: सीनी रेलवे कॉलोनी में सोमवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक रेल कर्मचारी के घर में जहरीला बैंडेड करैत सांप निकल आया। जानकारी के मुताबिक, रेल कर्मचारी अमर नाथ के आवास में यह खतरनाक सांप छिपा हुआ था, जिसे स्थानीय भाषा में राणा सांप भी कहा जाता है। जैसे ही इसकी सूचना रेलवे मेंस यूनियन के सचिव विश्वजीत बड़ाईक उर्फ सोनू को मिली, घर के सदस्यों में डर का माहौल बन गया।
स्नेक कैचर राजा बारिक ने किया सुरक्षित रेस्क्यू
सूचना मिलते ही सरायकेला के प्रसिद्ध स्नेक कैचर राजा बारिक मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद उन्होंने बेहद जहरीले बैंडेड करैत को सुरक्षित तरीके से पकड़ लिया। इस सफल रेस्क्यू के बाद परिवार और आसपास के लोगों ने राहत की सांस ली और मौके पर मौजूद लोगों ने उनकी सराहना की।
विशेषज्ञ की अपील, सांप दिखे तो न करें छेड़छाड़
राजा बारिक ने बताया कि बैंडेड करैत अत्यंत जहरीला होता है और इसे छेड़ना जानलेवा साबित हो सकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि घर में सांप निकलने पर घबराएं नहीं और न ही उसे मारने की कोशिश करें, बल्कि तुरंत किसी विशेषज्ञ को बुलाएं ताकि उसे सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया जाए। रेलवे मेंस यूनियन के सचिव विश्वजीत बड़ाईक ने भी त्वरित कार्रवाई के लिए उनका आभार जताया।