Ranchi: रांची के हेल्थ प्वाइंट हॉस्पिटल में उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक महिला मरीज की मौत के बाद परिजन आक्रोशित हो उठे। मृतका की पहचान 28 वर्षीय संगीता देवी के रूप में हुई है। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में इलाज के दौरान लापरवाही बरती गई, जिसके कारण उनकी जान चली गई। घटना के बाद अस्पताल परिसर में हंगामे की स्थिति बन गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
डॉक्टर बदलकर ऑपरेशन कराने का आरोप
परिजनों ने आरोप लगाया है कि जिस डॉक्टर के नाम पर इलाज की बात हुई थी, उसकी जगह किसी अन्य डॉक्टर से ऑपरेशन कराया गया। उनका कहना है कि डॉ. विजयराज की जगह डॉ. विवेक राज से ऑपरेशन कराया गया, जिससे मरीज की हालत और बिगड़ गई जिसके बाद उसकी मौत हो गई। इस आरोप के बाद अस्पताल प्रबंधन पर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
गंभीर हालत में गिरिडीह से लाया गया था मरीज
जानकारी के अनुसार, संगीता देवी को सिर में गंभीर चोट लगने के बाद गिरिडीह से रांची लाया गया था, जहां उन्हें बेहतर इलाज की उम्मीद में हेल्थ प्वाइंट हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। परिजनों का कहना है कि वे समय पर उचित इलाज की उम्मीद कर रहे थे, लेकिन इलाज के दौरान हुई कथित लापरवाही ने उनकी उम्मीदों को तोड़ दिया।
मामले को लेकर बढ़ा तनाव, जांच की मांग
घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल मामले की जांच को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है, लेकिन परिजन न्याय की मांग पर अड़े हुए हैं।