Latehar News: झारखंड के लातेहार जिले में रविवार सुबह एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया. कोयला लदे तेज रफ्तार हाईवा ने एक युवक की जान ले ली. हादसे के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया और लोगों ने सड़क जाम कर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई.
हादसे में गई जान, मौके पर मची अफरा-तफरी
यह हादसा बालूमाथ प्रखंड मुख्यालय के मुरपा मोड़ के पास, हीरो शोरूम के सामने हुआ. जानकारी के अनुसार, बिजरा (रोहन) गांव निवासी 30 वर्षीय साजिद अंसारी अपने काम से निकले थे, तभी कोयला लदा एक तेज रफ्तार हाईवा उन्हें अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि साजिद अंसारी की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए.
आक्रोशित लोगों ने किया सड़क जाम, यातायात हुआ ठप
हादसे से गुस्साए स्थानीय लोगों ने मुरपा मोड़ के पास सड़क जाम कर दिया. इसके कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया. सूचना मिलने पर बालूमाथ थाना की पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए लातेहार भेज दिया. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.
कोयला ट्रकों की रफ्तार बनी जानलेवा, प्रशासन पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि बालूमाथ क्षेत्र इन दिनों सड़क हादसों का हॉटस्पॉट बन चुका है. हाल के दिनों में यहां कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें कई लोगों की जान जा चुकी है. लोगों का आरोप है कि कोयला परिवहन में लगे ट्रक और हाईवा तेज रफ्तार में चलते हैं और ट्रिप पूरा करने की जल्दी में नियमों की अनदेखी करते हैं. यही लापरवाही आम लोगों की जान पर भारी पड़ रही है.bइसके साथ ही लोगों ने प्रशासन पर भी सवाल उठाए हैं. उनका कहना है कि लंबे समय से दिन में कोयला ढोने वाले वाहनों पर नो-एंट्री लागू करने की मांग की जा रही है, लेकिन इस दिशा में अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है.
एक और हादसे ने फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर कब तक तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण आम लोग अपनी जान गंवाते रहेंगे. जरूरत है सख्त नियमों के पालन और प्रशासनिक कार्रवाई की, ताकि ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके.