Jamshedpur News : शहर में एक बार फिर पुराने अपराधी गिरोह की परछाई देखने को मिली है। चर्चित सीरियल क्राइम गिरोह से जुड़े मंगल तिवारी की हत्या कर दी गई। वह बीते 21 अप्रैल से लापता था और 26 अप्रैल को परसूडीह इलाके में पुलिया के नीचे गड्ढे से उसका शव बरामद किया गया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद हत्या का मामला दर्ज, पुराने साथी पर शक
पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद 1 मई को इस मामले में हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई। मृतक के भाई ने शिकायत दर्ज कराते हुए मुनीष पांडेय समेत 4-5 लोगों को आरोपी बनाया है। बताया जा रहा है कि आरोपी भी पहले उसी गिरोह से जुड़ा रहा है, जिससे आपसी रंजिश की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस अब पूरे मामले की जांच में जुट गई है और आरोपियों की तलाश के लिए छापेमारी की जा रही है। मामले को पुराने गैंग विवाद और आपसी दुश्मनी से जोड़कर देखा जा रहा है।
परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का लगाया आरोप
मृतक के परिजनों का आरोप है कि समय रहते पुलिस ने कार्रवाई नहीं की, जिसके कारण यह घटना हुई। उनका कहना है कि यदि पुलिस गंभीरता दिखाती तो मंगल तिवारी की जान बचाई जा सकती थी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा कर रही है।