Palamu News: झारखंड के पलामू जिले के हरिहरगंज थाना क्षेत्र के भगत तेंदुआ गांव में तिलक समारोह के दौरान अचानक फायरिंग से अफरा-तफरी मच गई। शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे राहुल बैठा के घर आयोजित कार्यक्रम में हर्ष फायरिंग के दौरान गोली चलने से जश्न का माहौल खौफनाक मंजर में बदल गया।
भीड़ में घुसी गोली, दो लोग गंभीर रूप से घायल
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पिपरघाट निवासी पूर्व मुखिया सरोज प्रसाद कुशवाहा ने लाइसेंसी राइफल से फायरिंग की। पहली ही गोली बेकाबू होकर भीड़ में जा लगी। एक व्यक्ति की पीठ को चीरते हुए निकल गई, जबकि 60 वर्षीय पंडित अरविंद कुमार मिश्रा की जांघ के आर-पार हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा तफरी का माहौल बन गया।
अस्पताल में भर्ती, बेहतर इलाज के लिए रेफर
घायलों में अरविंद मिश्रा (कटैया निवासी) और जगेश्वर बैठा (सिल्दा खुर्द निवासी) को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को औरंगाबाद रेफर कर दिया गया, जबकि अरविंद मिश्रा का इलाज फिलहाल बिहार के गया के एक अस्पताल में चल रहा है।
आरोपी गिरफ्तार, हथियार जब्त, जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही हरिहरगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने लाइसेंसी राइफल और पिस्टल जब्त की है। आरोपी जहां पिस्टल से गलती से फायरिंग की बात कह रहा है, वहीं जांच में राइफल से गोली चलने की पुष्टि हुई है। पुलिस ने कड़ी कार्रवाई के संकेत देते हुए हथियारों के लाइसेंस रद्द करने की अनुशंसा की बात कही है।