Jamshedpur News: छोटा गोविंदपुर स्थित विवेक विद्यालय में इंटर स्कूल चित्रकला और संगीत प्रतियोगिता रंग तरंग का भव्य आयोजन किया गया. इस प्रतियोगिता में शहर के कई प्रतिष्ठित विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ भाग लिया.
प्रतियोगिता में विद्याभारती चिन्मया विद्यालय टेल्को ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया. वहीं एसडीएसएम स्कूल फॉर एक्सीलेंस को उपविजेता घोषित किया गया.
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय प्रबंधन समिति के सचिव एलेन किम जोसफ ने माता सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर की. पूरे कार्यक्रम के दौरान परिसर में सांस्कृतिक माहौल देखने को मिला.
इस अवसर पर विद्यालय के छात्रों ने भी रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं. प्रतिभागियों में प्रतियोगिता को लेकर खास उत्साह नजर आया.
निर्णायक मंडल में संगीतज्ञ रोहित पन्ना, एंजल स्टार डांस एकेडमी के संचालक सूरज कुमार और फाइन आर्ट शिक्षक अनुप सिन्हा शामिल रहे. सभी ने निष्पक्ष रूप से प्रतिभागियों का मूल्यांकन किया.
पुरस्कार वितरण समारोह में विजेताओं और उपविजेताओं को सम्मानित किया गया. सचिव एलेन किम जोसफ ने प्रतिभागियों को आगे भी बेहतर प्रदर्शन करने और अपने विद्यालय का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया.
विद्यालय के प्राचार्य अवधेश सिंह ने सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.