Commercial Gas Price: पांच राज्यों के चुनाव खत्म होते ही आम लोगों पर महंगाई का नया असर दिखने लगा है. केंद्र सरकार ने 1 मई से कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है. नई दरों के अनुसार 19 किलो वाला कॉमर्शियल सिलेंडर अब 3250 रुपये में मिलेगा. इस बढ़ोतरी का सीधा असर बाजार से लेकर आम आदमी की जेब तक महसूस किया जाएगा.
रेस्टोरेंट, शादी-ब्याह और ठेले तक पहुंचेगा असर
कॉमर्शियल गैस के दाम बढ़ने का असर सिर्फ बड़े होटलों तक सीमित नहीं रहेगा. रेस्टोरेंट, ढाबा, कैटरिंग और शादी-विवाह जैसे आयोजनों में खर्च बढ़ेगा, जिसका असर खाने-पीने की कीमतों पर साफ नजर आएगा. फुटपाथ पर चाय, पकौड़े और समोसे बेचने वाले छोटे दुकानदार भी इससे अछूते नहीं रहेंगे. पिछली बार जब गैस की कीमतें बढ़ी थीं, तब भी बाजार में खाने की चीजों के दाम बढ़ गए थे, और इस बार भी कुछ ऐसा ही होने की संभावना है.
अन्य सिलेंडरों की कीमत भी बढ़ी, जेब पर और दबाव
पेट्रोलियम मंत्रालय की अधिसूचना के मुताबिक 47.5 किलो के कॉमर्शियल सिलेंडर की कीमत अब 8120 रुपये हो गई है, जिसमें बड़ी बढ़ोतरी की गई है. वहीं 5 किलो वाले एफटीएल सिलेंडर के नए कनेक्शन की कीमत 1803 रुपये तय की गई है, जबकि इसके रिफिल के लिए अब 859 रुपये चुकाने होंगे. लगातार बढ़ती इन कीमतों से छोटे कारोबारियों और आम उपभोक्ताओं दोनों पर दबाव बढ़ता नजर आ रहा है.
कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में इस बढ़ोतरी का असर धीरे-धीरे हर स्तर पर दिखेगा. चाहे होटल में खाना हो या सड़क किनारे चाय, आने वाले दिनों में लोगों को ज्यादा कीमत चुकानी पड़ सकती है. ऐसे में महंगाई का यह नया झटका आम जीवन को सीधे तौर पर प्रभावित करने वाला है.