Jharkhand News: झारखंड में स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है. राज्य के अस्पतालों में जल्द ही अत्याधुनिक लैब इनफॉरमेशन सिस्टम लागू किया जाएगा, जिससे मरीजों को उनकी जांच रिपोर्ट सीधे मोबाइल पर मिल सकेगी.
इसको लेकर स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई, जिसमें मेरील कंपनी ने लैब इनफॉरमेशन सिस्टम का प्रेजेंटेशन दिया. इस सिस्टम को मेडिकल कॉलेज, जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र समेत सभी स्तरों पर लागू करने की योजना है.
प्रस्तावित सिस्टम को विभाग के मौजूदा हॉस्पिटल मैनेजमेंट इनफॉरमेशन सिस्टम के साथ जोड़ा जाएगा. साथ ही इसे ई-सुश्रुत प्रणाली से भी इंटीग्रेट किया जाएगा, जिससे पूरी व्यवस्था एकीकृत और डिजिटल हो सके.
इस नई व्यवस्था के लागू होने के बाद मरीजों को जांच रिपोर्ट के लिए अस्पताल के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे. रिपोर्ट सीधे उनके मोबाइल पर उपलब्ध हो जाएगी, जिससे समय की बचत होगी और अस्पतालों में भीड़ भी कम होगी.
यह सिस्टम रियल टाइम में जानकारी उपलब्ध कराएगा कि कितने मरीजों की जांच हुई, किस प्रकार की जांच की गई और अलग-अलग जांचों की संख्या क्या है. इसके साथ ही लैब में उपलब्ध रिएजेंट्स की स्थिति भी ट्रैक की जा सकेगी, जिससे समय पर खरीद सुनिश्चित होगी.
बैठक में बताया गया कि मेरील कंपनी यह सॉफ्टवेयर स्वास्थ्य विभाग को निशुल्क उपलब्ध कराएगी. पहले से मौजूद ऑटो और सेमी-ऑटो एनालाइजर मशीनों को भी इस सिस्टम से जोड़ा जाएगा. साथ ही अन्य कंपनियों की मशीनों को भी इस प्लेटफॉर्म से जोड़ने की सुविधा दी जाएगी.
बैठक में अपर सचिव विद्यानंद शर्मा, पंकज, डीआईसी डॉ. सिद्धार्थ सान्याल सहित अन्य अधिकारी और कंपनी के प्रतिनिधि मौजूद रहे.