Ranchi News: रांची जिले में जनगणना-2027 के पहले चरण की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. 1 मई 2026 से इसकी शुरुआत होगी, जिसमें मकान सूचीकरण और घर-घर गणना का कार्य तय समयसीमा में किया जाएगा. जिला प्रशासन ने इसे लेकर पूरी मशीनरी को एक्टिव कर दिया है और नागरिकों से सहयोग की भी अपील की है.
दो चरणों में होगी प्रक्रिया, पहले सेल्फ एन्यूमरेशन फिर घर-घर सर्वे
जनगणना के इस पहले चरण को दो हिस्सों में बांटा गया है. 1 मई से 15 मई 2026 तक नागरिकों को सेल्फ एन्यूमरेशन की सुविधा दी गई है, जिसमें लोग खुद ऑनलाइन पोर्टल se.census.gov.in पर जाकर अपना विवरण दर्ज कर सकते हैं. इसके बाद 16 मई से 14 जून 2026 तक प्रगणक घर-घर जाकर मकानों का विवरण, सुविधाएं और अन्य जरूरी जानकारी जुटाएंगे. प्रशासन ने साफ किया है कि अगर कोई व्यक्ति खुद जानकारी दर्ज नहीं करता है, तो भी उसे परेशान होने की जरूरत नहीं है, क्योंकि प्रगणक घर पहुंचकर डेटा इकट्ठा करेंगे.
4232 कर्मियों की तैनाती, हर घर तक पहुंचेगी टीम
इस बड़े अभियान को सफल बनाने के लिए रांची जिले में कुल 4232 पदाधिकारियों और कर्मियों की तैनाती की गई है. इनमें 4134 प्रगणक और पर्यवेक्षक शामिल हैं. खास बात यह है कि इनमें 1727 महिला और 2407 पुरुष कर्मी हैं, जिन्हें पहले ही ट्रेनिंग दी जा चुकी है. प्रशासन का लक्ष्य है कि जिले के हर घर तक पहुंचकर सटीक और पूरी जानकारी दर्ज की जाए.
डेटा पूरी तरह सुरक्षित, किसी जांच या टैक्स में नहीं होगा इस्तेमाल
जनगणना के दौरान दी जाने वाली सभी जानकारी को पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनगणना अधिनियम 1948 के तहत डेटा सुरक्षित सर्वर पर एन्क्रिप्टेड रूप में रखा जाता है. किसी भी व्यक्ति की व्यक्तिगत जानकारी सार्वजनिक नहीं की जाती और इसका उपयोग टैक्स, पुलिस या किसी अन्य जांच के लिए नहीं किया जाता.
सहायता के लिए हेल्पलाइन और व्हाट्सएप सुविधा उपलब्ध, जनभागीदारी पर जोर, उपायुक्त की अपील
नागरिकों की मदद के लिए हेल्पलाइन नंबर 1855 जारी किया गया है, जहां जनगणना से जुड़ी जानकारी ली जा सकती है. इसके अलावा जन शिकायत के लिए रांची जिला प्रशासन का व्हाट्सएप नंबर 9430328080 भी उपलब्ध है. प्रधान जनगणना पदाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे इस राष्ट्रीय कार्य में सक्रिय भागीदारी निभाएं और सही जानकारी उपलब्ध कराएं. उन्होंने कहा कि जनगणना देश के विकास की आधारशिला है और इसमें हर नागरिक की भूमिका बेहद अहम है.