Jharkhand News: झारखंड में सहायक अध्यापकों के लंबे समय से लंबित मुद्दों और 45000 पदों की मांग को लेकर आज एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. झारखंड राज्य आकलन प्रशिक्षित सहायक अध्यापक संघर्ष मोर्चा के प्रतिनिधिमंडल ने राज्य के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू और मंत्री इरफान अंसारी के साथ विस्तृत चर्चा की. बैठक के दौरान कई अहम बिंदुओं पर सहमति बनती नजर आई, जिससे आंदोलनरत शिक्षकों के बीच उम्मीद जगी है.
बैठक में क्या बनी सहमति, क्या मिला भरोसा
बैठक में सरकार की ओर से यह स्पष्ट आश्वासन दिया गया कि राज्य के सहायक अध्यापकों की नौकरी सुरक्षित रहेगी. साथ ही अनुकंपा नियुक्ति जैसे संवेदनशील मुद्दों पर भी राज्य सरकार सकारात्मक निर्णय लेने की दिशा में आगे बढ़ेगी. मंत्रियों ने प्रतिनिधिमंडल को भरोसा दिलाया कि किसी भी शिक्षक के हितों के साथ समझौता नहीं किया जाएगा और सभी मांगों पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है.
सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर टिकी नजर
फिलहाल यह पूरा मामला सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन है. सरकार ने साफ किया है कि अदालत के अंतिम निर्णय के बाद इस मुद्दे पर ठोस और व्यापक फैसला लिया जाएगा. ऐसे में अब सभी की नजर सुप्रीम कोर्ट के आने वाले फैसले पर टिकी हुई है, जो आगे की दिशा तय करेगा.
आंदोलन से वापसी की तैयारी, काम पर लौटेंगे शिक्षक
लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे सहायक अध्यापकों के अब काम पर लौटने की संभावना जताई जा रही है. जानकारी के मुताबिक, सहमति बनने के बाद शिक्षक जल्द ही अपने कर्तव्यों पर वापस आएंगे. इसके साथ ही उन्हें आगामी जनगणना कार्यों में भी लगाया जा सकता है.