Giridih News : पचंबा थाना क्षेत्र के आजाद नगर चदरा पुल के समीप सोमवार देर रात एक युवक की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान नगर थाना क्षेत्र के कुरैशी मुहल्ला निवासी तौसिफ अंसारी के रूप में हुई है। खून से सनी लाश मिलने की सूचना के बाद इलाके में दहशत फैल गई।
सूचना मिलते ही पचंबा और नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।घटनास्थल से खून के निशान और संघर्ष के साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस पुरानी रंजिश के एंगल से भी जांच कर रही है। प्रारंभिक आशंका है कि हत्या सुनियोजित तरीके से की गई है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है।
CCTV खंगाल रही पुलिस, कई एंगल पर जांच तेज
पचंबा थाना प्रभारी ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। डॉग स्क्वॉड और एफएसएल टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। मृतक के परिजनों और दोस्तों से पूछताछ कर पुलिस हत्यारों तक पहुंचने की कोशिश में जुटी है।
पुलिस ने दावा किया है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।
पुरानी रंजिश में हत्या की आशंका, इलाके में गश्त बढ़ी
पुलिस पुरानी दुश्मनी समेत अन्य संभावित कारणों की जांच कर रही है। वारदात के बाद क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है, जबकि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।