Jamshedpur: टाटानगर रेलवे स्टेशन में रविवार देर रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई थी, जहां रनिंग रूम के सामने एक लोको पायलट की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतक की पहचान ज्ञानेंदु गौतम के रूप में हुई है, जो आदित्यपुर के निवासी थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हत्या के पीछे जमीन खरीद-बिक्री से जुड़ा विवाद सामने आ रहा है। पुलिस को मामले में कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं, जिसके आधार पर सात संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की जा रही है। बताया जा रहा है कि हिरासत में लिए गए सभी लोग जमशेदपुर के ही रहने वाले हैं और उनसे लगातार पूछताछ कर मामले की कड़ियां जोड़ने की कोशिश की जा रही है।
पत्नी और करीबी लोगों से पूछताछ, जांच तेज
घटना के बाद पुलिस ने मृतक की पत्नी से भी बातचीत की है, हालांकि उनकी हालत काफी खराब बताई जा रही है। इसके अलावा ज्ञानेंदु गौतम के करीबी और उनके साथ उठने-बैठने वाले लोगों से भी जानकारी जुटाई गई है, ताकि घटना के पीछे की वजह को स्पष्ट किया जा सके। पुलिस की जांच तेजी से आगे बढ़ रही है और माना जा रहा है कि जल्द ही इस हत्याकांड का खुलासा हो सकता है। हालांकि सोमवार शाम करीब 5:30 बजे तक इस मामले में एफआईआर दर्ज नहीं हो पाई थी। पुलिस का कहना है कि एफआईआर मृतक की पत्नी के आवेदन पर ही दर्ज की जाएगी, लेकिन पत्नी सदमे में है और सुबह से उसने कुछ खाया-पीया तक नहीं है, इसलिए पुलिस उसके सामान्य होने का इंतजार कर रही है।
बाइक सवार बदमाशों ने मारी गोली, मौके पर ही मौत
जानकारी के अनुसार, रविवार देर रात करीब 12:30 बजे ज्ञानेंदु गौतम मालगाड़ी लेकर टाटानगर स्टेशन पहुंचे थे। ड्यूटी समाप्त करने के बाद वह करीब 12:40 बजे शौच के लिए संयुक्त चालक-परिचालक लॉबी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रनिंग रूम के पास बाइक सवार दो अज्ञात बदमाश पहुंचे और उन्होंने अचानक उन पर गोली चला दी। गोली लगते ही वह मौके पर ही गिर पड़े और कुछ ही देर में उनकी मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई। घटनास्थल से एक खोखा भी बरामद किया गया है।
जमीन कारोबार समेत कई एंगल पर जांच
घटना की जानकारी मिलते ही सिटी एसपी ललित मीणा और डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर तौकीर आलम भी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले का जायजा लिया। बताया जा रहा है कि ज्ञानेंदु गौतम रेलवे में ठेकेदारी से भी जुड़े हुए थे और साथ ही जमीन खरीद-बिक्री का काम भी करते थे। ऐसे में पुलिस इस हत्याकांड को कई एंगल से जांच रही है, जिसमें व्यक्तिगत दुश्मनी और जमीन विवाद दोनों को प्रमुख रूप से देखा जा रहा है।