Ranchi: रांची के गोंदा थाना क्षेत्र अंतर्गत हात्मा बस्ती में एक बड़ी चोरी की घटना सामने आई है. जानकारी के अनुसार, परिवार के सभी सदस्य अपने रिश्तेदार के घर शादी समारोह में शामिल होने के लिए बाहर गए हुए थे, इसी दौरान चोरों ने मौके का फायदा उठाकर घर को निशाना बना लिया। सूने पड़े घर में घुसकर चोरों ने बड़ी ही सुनियोजित तरीके से पूरे घर को खंगाला और कीमती सामान पर हाथ साफ कर फरार हो गए। जब परिवार वापस लौटा तो घर की स्थिति देख उनके होश उड़ गए और घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दी गई।
लाखों के जेवर और नकदी लेकर फरार हुए चोर
बताया जा रहा है कि चोरों ने घर में रखे करीब 10 से 12 लाख रुपये के जेवरात चोरी कर लिए, इसके अलावा 57 हजार रुपये नकद भी अपने साथ ले गए। वहीं बताया जा रहा है कि ये जेवर एक विधवा महिला ने अपनी बेटी की शादी के लिए वर्षों की मेहनत से जमा किए थे, जो अब एक ही झटके में चोरी हो गए। इस घटना के बाद परिवार सदमे में है और पूरे इलाके में आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
जांच में जुटी पुलिस, FSL और डॉग स्क्वायड की टीम मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही गोंदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी। पुलिस ने वैज्ञानिक तरीके से जांच के लिए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) और डॉग स्क्वायड की टीम को भी बुलाया, जो घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और चोरी की इस बड़ी वारदात का जल्द खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।