Bihar News : शिवसागर थाना पुलिस जब नाबालिग लड़की को भगाने के मामले में फरार प्रेमी युगल को पकड़ने पहुंची तो हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। पुलिस से घिरता देख प्रेमी अंकित कुमार ने धारदार वस्तु से अपनी कलाई काटने की कोशिश की और कथित तौर पर आपत्तिजनक दवा भी खा ली। घबराई पुलिस उसे तुरंत सासाराम सदर अस्पताल लेकर पहुंची, जहां उसका इलाज जारी है।बताया जा रहा है कि अंकित कुमार नोखा थाना क्षेत्र के मेंयारी बाजार का रहने वाला है। उसका झारखंड के गढ़वा की एक नाबालिग लड़की से प्रेम संबंध था। लड़की का ननिहाल अंकित के घर के पास होने के कारण दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। बाद में युवती अपने मौसी के घर शिवसागर के कोनार आई थी, जहां से दोनों साथ फरार हो गए थे।
दिल्ली भागे थे दोनों, आर्थिक तंगी के बाद लौटे तो पुलिस ने दबोचा
जानकारी के मुताबिक दोनों दिल्ली भाग गए थे और वहीं छोटे-मोटे काम कर गुजारा कर रहे थे। लेकिन आर्थिक स्थिति बिगड़ने और तनाव बढ़ने के बाद दोनों सासाराम लौट आए। यहां लड़की ने अपनी मां को फोन कर घर लौटने की इच्छा जताई, लेकिन परिजनों ने अपनाने से इनकार कर दिया।
इधर युवक के परिजनों ने भी दोनों को घर में रखने से मना कर दिया, जिसके बाद दोनों अगरेर थाना क्षेत्र में ठहरने की व्यवस्था तलाश रहे थे। इसी बीच दो महीने पहले दर्ज अपहरण मामले के आधार पर पुलिस को सूचना मिली और टीम ने दोनों को पकड़ लिया।
पुलिस देख घबराया युवक, कलाई काटी और जहर खाने की आशंका
पुलिस कार्रवाई के दौरान युवक ने कथित तौर पर कलाई काटने की कोशिश की और संदिग्ध दवा खा ली। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस आनन-फानन में उसे अस्पताल ले गई। सूचना मिलते ही सासाराम एसडीपीओ-1 दिलीप कुमार भी अस्पताल पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली।
नाबालिग प्रेमिका थाने में, मामले की जांच जारी
फिलहाल नाबालिग प्रेमिका को शिवसागर थाना लाया गया है, जबकि युवक का इलाज चल रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। घटना के बाद इलाके में इस प्रेम कहानी और हाईवोल्टेज ड्रामे की खूब चर्चा है।