Koderma: कोडरमा थाना क्षेत्र के ध्वजाधारी पहाड़ गेट स्थित ध्वजाधारी धाम में शनिवार रात आयोजित एक शादी समारोह उस समय विवादों में घिर गया, जब वर और वधू पक्ष के बीच अचानक बहस शुरू हो गई। माहौल इतना तनावपूर्ण हो गया कि बात बढ़ते-बढ़ते मारपीट तक पहुंच गई और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते शादी का खुशहाल माहौल हिंसा में बदल गया और इस झड़प में दोनों पक्षों के करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए, जिससे समारोह में अफरा-तफरी मच गई।
पहले से तय थी व्यवस्था, फिर भी भोजन को लेकर बढ़ा विवाद
वधू के पिता विजय सिंह के अनुसार, उनकी बेटी निर्मला की शादी जयनगर थाना क्षेत्र के डंडाडीह निवासी अनूप सिंह से तय हुई थी और विवाह 25 अप्रैल को ध्वजाधारी धाम में होना था। उन्होंने बताया कि 23 अप्रैल को लग्न के दौरान दोनों पक्षों के बीच यह सहमति बनी थी कि वधू पक्ष अपने साथ आए मेहमानों की व्यवस्था करेगा, जबकि बारातियों के भोजन की जिम्मेदारी वर पक्ष की होगी। लेकिन शादी के दौरान वर पक्ष की ओर से इस व्यवस्था को लेकर सवाल उठाया गया, जिससे विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई।
पुलिस की मौजूदगी के बाद भी नहीं थमा झगड़ा, चलीं कुर्सियां
बताया जा रहा है कि वर के भाई जितेंद्र और उनके बहनोई ने बारातियों के भोजन को लेकर आपत्ति जताई, जिस पर वधू पक्ष ने पहले से तय व्यवस्था का हवाला दिया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई, जो जल्द ही गाली-गलौज और फिर मारपीट में बदल गई। कुछ देर के लिए पुलिस की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर स्थिति शांत कराई, लेकिन उनके जाते ही विवाद फिर भड़क उठा। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई और कुर्सियां तक चलाई गईं, जिससे कई लोग घायल हो गए।
घायलों का अस्पताल में इलाज, दुल्हन को ससुराल भेजने से किया इनकार
इस घटना में घायल हुए लोगों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है। घायलों में लड़का पक्ष से चंचला देवी (40 वर्ष), अभी सिंह (30 वर्ष) और मिथुन सिंह (32 वर्ष) शामिल हैं, जबकि लड़की पक्ष से रितिक सिंह (18 वर्ष), विक्रम सिंह (22 वर्ष) और करण सिंह (19 वर्ष समेत अन्य लोग घायल हुए हैं। घटना के बाद वधू निर्मला के पिता विजय सिंह ने बड़ा फैसला लेते हुए कहा कि भले ही शादी संपन्न हो गई है, लेकिन वे अपनी बेटी को फिलहाल ससुराल नहीं भेजेंगे, जिससे पूरे मामले ने और भी गंभीर रूप ले लिया है।