Jamshedpur News : मानगो के एनएच-33 पर बन रहे एलिवेटेड कॉरिडोर निर्माण कार्य से परेशान स्थानीय लोगों का गुस्सा रविवार को फूट पड़ा। उड़ती धूल और सुरक्षा मानकों की अनदेखी से नाराज लोगों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए रस्से से मशीनों और अभियंता को बांधकर निर्माण कार्य बंद करा दिया।बालीगुमा से पारडीह तक निर्माण कार्य के दौरान उड़ रही धूल ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जल छिड़काव नहीं होने से धूल इतनी अधिक उड़ती है कि कुछ फीट दूर तक देखना मुश्किल हो जाता है। इससे दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं और दुकानदारों, टेंपो चालकों, ठेला-खोमचा वालों की रोजी-रोटी पर असर पड़ रहा है।
शिकायत के बाद भी नहीं हुई सुनवाई, विरोध में सड़कों पर उतरे लोग
स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों ने कई बार संवेदक और एनएचएआई अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद लोगों ने भाजपा के पूर्व नेता विकास सिंह को मौके पर बुलाया।
विकास सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों लोग मोटा रस्सा लेकर निर्माण स्थल पहुंचे और मशीनों व अधिकारियों को रस्से से बांधते हुए काम बंद करा दिया। निर्माण कार्य ठप होने की सूचना मिलते ही एजेंसी और एनएचएआई के अधिकारी मौके पर पहुंचे और तत्काल टैंकर से जल छिड़काव शुरू कराया।
“सांसद-विधायक शीशा खोलकर करें दौरा, तब दिखेगा लोगों का दर्द:- विकास सिंह
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे विकास सिंह ने कहा कि एनएच-33 के किनारे रहने वाले लोगों का जीवन धूल के कारण दुश्वार हो गया है, लेकिन जनप्रतिनिधियों को इसकी चिंता नहीं है। उन्होंने सांसद और विधायक से पारडीह से बालीगुमा तक कार का शीशा खोलकर दौरा करने की अपील करते हुए कहा कि तभी लोगों की पीड़ा समझ आएगी।
उन्होंने चेतावनी दी कि इस समस्या के समाधान तक आंदोलन जारी रहेगा। मौके पर शिव साहू, सुदामा भारती, पप्पू सिंह, श्याम लाल, अंसार खान, संतोष यादव समेत सैकड़ों लोग मौजूद रहे।