Seraikela News: सरायकेला समाहरणालय सभागार में शुक्रवार 24 अप्रैल को उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया गया. जिले के अलग-अलग प्रखंडों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें प्रशासन के समक्ष रखीं. उपायुक्त ने सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को जल्द जांच कर तय समय सीमा के भीतर कार्रवाई करने का निर्देश दिया.
जनता दरबार में सबसे अधिक शिकायतें भूमि विवाद, पारिवारिक लाभ योजना में देरी, राशन कार्ड, पेंशन, पेयजल और बिजली से जुड़ी समस्याओं को लेकर सामने आईं. खरसावां के मौजा पटपट में कृषि भूमि पर जबरन कब्जे की शिकायत भी दर्ज कराई गई. वहीं चांडिल अनुमंडल क्षेत्र में पैसा नियमावली 2025 के तहत मांझी बाबा को ग्राम सभा अध्यक्ष घोषित करने की मांग भी उठाई गई.
इसके अलावा गम्हरिया क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री पर रोक लगाने, आदित्यपुर में निजी स्कूलों द्वारा दोबारा नामांकन के नाम पर फीस वसूली, धान अधिप्राप्ति से वंचित किसानों के ऑनलाइन पंजीकरण जैसी समस्याएं भी लोगों ने उपायुक्त के सामने रखीं.
उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि आम लोगों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए. उन्होंने कहा कि प्रशासनिक स्तर पर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. जिन मामलों का तुरंत समाधान संभव है, उन्हें बिना देरी के निपटाया जाए और अन्य मामलों में शीघ्र जांच कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए.
उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ समय पर लोगों तक पहुंचना प्रशासन की जिम्मेदारी है. इसलिए सभी विभाग पूरी पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ काम करें.
उपायुक्त ने आम नागरिकों से अपील की कि वे अपनी समस्याएं बिना किसी संकोच के प्रशासन के सामने रखें. उन्होंने बताया कि जनता दरबार प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार को कार्यालय दिवस पर आयोजित किया जाता है. हालांकि अवकाश या कार्यालय बंद रहने की स्थिति में जनता दरबार नहीं लगाया जाता.