Giridih News : अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पचंबा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। माथाडीह इलाके में छापेमारी कर पुलिस ने 10.10 किलोग्राम गांजा के साथ चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई की जानकारी एसपी डॉ. विमल कुमार ने प्रेस वार्ता में दी।
गुप्त सूचना पर छापेमारी, चारों आरोपियों से पूछताछ जारी
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि इलाके में गांजा की खरीद-बिक्री होने वाली है। इसके बाद विशेष टीम गठित कर छापेमारी की गई, जिसमें पहले दो और बाद में दो अन्य तस्करों को दबोच लिया गया। आरोपियों के पास से कुल 10.10 किलो गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
गिरोह के नेटवर्क की तलाश में छापेमारी तेज, एसपी ने दिए सख्त संकेत
पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार तस्करों से पूछताछ के आधार पर गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है। एसपी ने साफ कहा कि जिले में नशे के कारोबार को किसी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा और ऐसे तत्वों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। इस कार्रवाई के बाद अवैध कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।