Giridih News : इलाके में अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस प्रशासन एक्शन मोड में नजर आ रहा है। इसी कड़ी में एसपी डॉ. विमल कुमार ने जिला मुख्यालय में सभी थाना प्रभारी और ओपी प्रभारियों के साथ अहम बैठक कर कानून-व्यवस्था की समीक्षा की। बैठक में एसपी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी थाना क्षेत्र में अपराध की घटना नहीं होनी चाहिए और यदि कोई घटना होती है तो 24 घंटे के भीतर दोषियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि त्वरित कार्रवाई से ही आम लोगों में पुलिस के प्रति विश्वास कायम रहेगा।
बैंक, सीएसपी और जेवर दुकानों पर विशेष निगरानी, संदिग्धों पर रखी जाएगी नजर
बैठक में एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। खासकर बैंक, सीएसपी, जेवरात दुकानों और नकदी वाले प्रतिष्ठानों पर नियमित निगरानी रखने को कहा गया। साथ ही संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई और अपराध की रोकथाम के लिए सक्रिय पुलिसिंग पर जोर दिया गया।
दागी अपराधियों की मॉनिटरिंग तेज, जनता से बेहतर समन्वय पर जोर
एसपी डॉ. विमल कुमार ने जेल से छूटे अपराधियों और दागी तत्वों की गतिविधियों पर विशेष नजर रखने का निर्देश देते हुए कहा कि लगातार मॉनिटरिंग से अपराध पर प्रभावी नियंत्रण संभव है। उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों को जिम्मेदारी के साथ काम करने, जनता से बेहतर समन्वय बनाए रखने और सक्रिय पुलिसिंग के जरिए अपराधियों में भय पैदा करने पर जोर दिया।