Kodarma News : जिले के मरकच्चो से एक ऐसी खबर सामने आई है जिसने शिक्षा के मंदिर को कलंकित कर दिया है। जहाँ एक ओर गुरु को भगवान का दर्जा दिया जाता है, वहीं मरकच्चो के सर्वोदय +2 हाई स्कूल में एक शिक्षक ने इस पवित्र रिश्ते को तार-तार कर दिया।
सर्वोदय +2 हाई स्कूल में नाबालिग छात्रा से कथित छेड़छाड़, ग्रामीणों के दबाव में आरोपी गिरफ्तार
पूरा मामला मरकच्चो प्रखंड स्थित सर्वोदय +2 हाई स्कूल का है। जानकारी के मुताबिक, बीते शुक्रवार को जब स्कूल के अधिकांश शिक्षक सरकारी कार्य से बाहर गए थे, तब 12वीं विज्ञान की एक नाबालिग छात्रा स्कूल आई थी। आरोप है कि स्कूल के लैब असिस्टेंट मोहम्मद तौहीद आलम ने छात्रा को अकेला पाकर उसे बहला-फुसलाकर लैब में बुलाया और वहां उसके साथ बुरी नीयत से छेड़छाड़ की।
छात्रा किसी तरह आरोपी के चंगुल से भाग निकली और अन्य शिक्षकों को आपबीती सुनाई। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था, लेकिन सोमवार को जब वह वापस स्कूल पहुंचा, तो ग्रामीणों और शिक्षकों के कड़े रुख के सामने उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया।
आरोपी की बर्खास्तगी और कड़ी सजा की मांग तेज, शिक्षा विभाग की भूमिका पर उठे सवाल
स्कूल के प्रधानाचार्य ने तुरंत मरकच्चो पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी तौहीद आलम को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, स्थानीय ग्रामीणों में इस बात को लेकर भारी आक्रोश है कि अब तक सख्त कानूनी कार्रवाई की दिशा स्पष्ट नहीं दिख रही है। ग्रामीणों का कहना है कि ऐसी घटनाएं अक्सर महानगरों में सुनी जाती थीं, लेकिन अब मरकच्चो जैसे क्षेत्र में द्वारा ऐसी हरकतें होना दुर्भाग्यपूर्ण है।
सवाल अब प्रशासन और शिक्षा विभाग पर है। क्या ऐसी मानसिकता वाले व्यक्ति को नौकरी पर रहने का हक है? ग्रामीण अब मांग कर रहे हैं कि आरोपी को न केवल कड़ी सजा मिले, बल्कि उसे तत्काल प्रभाव से बर्खास्त किया जाए।