Bhagalpur News: भागलपुर के ललमटिया थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक ऐसी घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को झकझोर दिया. श्री चंपापुर दिगंबर जैन मंदिर के पास नगर निगम के कूड़ा ढोने वाले ठेले में एक 10 साल के बच्चे का शव मिलने से हड़कंप मच गया. शुरुआती जानकारी में मामला हत्या का सामने आ रहा है, जिसके बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है.
सफाई के दौरान मिला शव, कुछ ही देर में जुटी भीड़ और बढ़ा आक्रोश
सुबह जब सफाईकर्मी कूड़ा उठाने पहुंचे, तो उनकी नजर ठेले में पड़े बच्चे के शव पर पड़ी. उन्होंने तुरंत स्थानीय लोगों को सूचना दी. देखते ही देखते आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए और इलाके में तनाव का माहौल बन गया. घटना स्थल मंदिर के पास होने के कारण मामला और संवेदनशील हो गया.
रात से लापता था बच्चा, परिजनों का आरोप-हत्या कर छिपाया गया शव
मृतक की पहचान मोहम्मद शमीर (10 वर्ष), पिता मोहम्मद इजहार, निवासी ललमटिया थाना क्षेत्र के रूप में हुई है. परिजनों के मुताबिक, बच्चा रविवार रात करीब 8 बजे घर से बाहर निकला था और फिर वापस नहीं लौटा. सुबह जब उसका शव मिलने की खबर आई, तो परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. परिजनों का आरोप है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने बच्चे की हत्या कर साक्ष्य मिटाने के लिए शव को कूड़े के ठेले में फेंक दिया.
FSL टीम मौके पर, CCTV खंगाल रही पुलिस-जल्द खुलासे का दावा
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. साथ ही फॉरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल से सबूत जुटाए जा रहे हैं. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है. सिटी डीएसपी-2 राकेश कुमार ने बताया कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है.
इस घटना ने इलाके में भय और गुस्से का माहौल पैदा कर दिया है. एक मासूम की इस तरह हत्या ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं, जिनका जवाब अब जांच के बाद ही सामने आएगा.