Jamshedpur: पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में कांग्रेस कार्यालय, तिलक पुस्तकालय में एक भव्य अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें जिला सेवादल कांग्रेस के नव नियुक्त अध्यक्ष राहुल कुमार उर्फ राजा सिंह राजपूत का जोरदार स्वागत किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कांग्रेस अध्यक्ष परविंदर सिंह ने की। इस अवसर पर झारखंड प्रदेश कांग्रेस सेवादल के अध्यक्ष नवीन कुमार सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि जिला प्रभारी बलजीत सिंह बेदी विशिष्ट अतिथि के तौर पर कार्यक्रम में शामिल हुए। समारोह के दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला और फूल-मालाओं के साथ नए अध्यक्ष का अभिनंदन किया गया।
सेवादल की भूमिका पर जोर, संगठन विस्तार की उम्मीद
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि नवीन कुमार सिंह और विशिष्ट अतिथि बलजीत सिंह बेदी ने कहा कि सेवादल वर्ष 1923 से कांग्रेस संगठन की रीढ़ रहा है और जमीनी स्तर पर पार्टी की विचारधारा को मजबूत करने में इसकी अहम भूमिका रही है। उन्होंने नव नियुक्त अध्यक्ष राजा सिंह राजपूत को शुभकामनाएं देते हुए भरोसा जताया कि उनके नेतृत्व में पूर्वी सिंहभूम में सेवादल कांग्रेस का दायरा और मजबूत होगा। साथ ही नेताओं ने संगठन को सशक्त बनाने, कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और जिले भर में सेवादल की गतिविधियों को तेज करने पर विशेष जोर दिया।
कार्यकर्ताओं की एकजुटता से मजबूत होगा संगठन
जिला अध्यक्ष परविंदर सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि संगठन की मजबूती के लिए सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर काम करना होगा और सेवादल कांग्रेस की भूमिका को और प्रभावी बनाना जरूरी है। कार्यक्रम का संचालन जिला उपाध्यक्ष संजय सिंह आजाद ने किया। इस मौके पर मंजीत आनंद, अविनाश सिंह, अशोक सिंह क्रांतिकारी, अफसर इमाम, रीता शर्मा, सुल्तान अहमद, रंजीत सिंह, जसवंत सिंह और अनिता टोप्पो सहित कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नव नियुक्त अध्यक्ष का माल्यार्पण कर स्वागत किया और उनके सफल कार्यकाल की कामना करते हुए संगठन के विस्तार में सहयोग देने का संकल्प लिया।