Seraikela: सरायकेला-खरसावां जिले की नई पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने पदभार संभालते ही अपने कार्यों की प्राथमिकताएं स्पष्ट कर दी हैं। उन्होंने कहा कि जिले में अपराध नियंत्रण उनकी पहली प्राथमिकता होगी और इसके लिए टीम वर्क के साथ-साथ आम जनता और पुलिस के बीच बेहतर तालमेल बनाना जरूरी है। उन्होंने भरोसा जताया कि समाज, पब्लिक और पुलिस के सहयोग से जिले को सुरक्षित बनाया जा सकता है। खासकर महिलाओं और बच्चों के खिलाफ होने वाले अपराधों पर सख्ती से कार्रवाई करने और समय पर जांच कर निष्पादन सुनिश्चित करने की बात उन्होंने प्रमुखता से कही।
थाना स्तर पर सुधार और समन्वय पर जोर
एसपी ने माना कि कई बार थाना स्तर पर पब्लिक और पुलिस के बीच सही समन्वय नहीं बन पाता, जिससे शिकायतों के समाधान में देरी होती है। उन्होंने बताया कि सभी थाना प्रभारियों को इस संबंध में पहले ही निर्देश दिए जा चुके हैं और समय-समय पर उन्हें इसके लिए सचेत भी किया जाएगा। उनका कहना है कि पुलिस को एक परिवार की तरह काम करना होगा, जहां हर समस्या को मिलकर हल किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि जनता ही पुलिस की आंख, नाक और कान है और उनके सहयोग के बिना अपराध पर नियंत्रण संभव नहीं है।
महिला और बच्चों की सुरक्षा पर सख्त रुख
महिला सुरक्षा को लेकर एसपी ने स्पष्ट संदेश दिया कि किसी भी प्रकार के अपराध, विशेषकर महिलाओं और बच्चों के खिलाफ होने वाले मामलों में किसी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि समाज में हर तरह के लोग होते हैं और कई बार अपराध की प्रवृत्ति अचानक सामने आती है, लेकिन पुलिस की जिम्मेदारी है कि ऐसे मामलों को सख्ती से रोका जाए और दोषियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई हो।
रात में बढ़ेगी गश्ती, सुरक्षा पर रहेगा फोकस
एसपी निधि द्विवेदी ने कहा कि जिले में रात के समय गश्ती व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा। खासकर देर रात होने वाले कार्यक्रमों, जलसों या भीड़भाड़ वाली जगहों पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी, ताकि महिलाएं और बच्चे सुरक्षित अपने घर पहुंच सकें। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यह एक दिन का काम नहीं, बल्कि लगातार चलने वाली प्रक्रिया है और पुलिस इसे निरंतर रूप से लागू करेगी, जिससे जिले में एक सुरक्षित माहौल तैयार किया जा सके।
जनता से सहयोग की अपील, कम्युनिटी पुलिसिंग पर फोकस
एसपी ने आम जनता से अपील की कि वे पुलिस का सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत साझा करें। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता का साझा लक्ष्य एक ही होना चाहिए. सरायकेला-खरसावां को सुरक्षित बनाना। साथ ही उन्होंने सभी थानों को महिला हेल्प डेस्क सक्रिय रखने और हर शिकायत पर 24 घंटे के भीतर कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है, ताकि लोगों का भरोसा पुलिस पर बना रहे और शिकायतों का समय पर समाधान हो सके।