Jharkhand News : झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) द्वारा आयोजित झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा पूरे राज्य में शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो रही है। जमशेदपुर में इस परीक्षा के लिए कुल 60 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां करीब 26,560 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। हालांकि, कुछ अभ्यर्थी विभिन्न कारणों से परीक्षा देने से वंचित भी रह गए।
कदाचार रोकने के लिए कड़े इंतजाम, CCTV, जैमर और तीन स्तरीय जांच व्यवस्था लागू
परीक्षा को कदाचार मुक्त और पारदर्शी बनाने के लिए प्रशासन ने कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं। सभी परीक्षा केंद्रों पर CCTV कैमरे और जैमर लगाए गए हैं, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता को रोका जा सके। अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले मेटल डिटेक्टर से जांचा जा रहा है, वहीं तीन चरणों में सघन जांच प्रक्रिया अपनाई जा रही है।
डिप्टी कलेक्टर व DSP पदों के लिए दो पालियों में परीक्षा, प्रशासन अलर्ट
प्रशासन ने प्रत्येक 12 परीक्षार्थियों पर एक वीक्षक की प्रतिनियुक्ति की है, जिससे परीक्षा की निगरानी और भी सख्त हो गई है। परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जा रही है, जिसकी पहली पाली शुरू हो चुकी है और शाम 5 बजे तक परीक्षा चलेगी।
यातायात व्यवस्था को भी सुगम बनाया गया है, ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं, जिससे परीक्षा शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न हो सके।
यह परीक्षा राज्य में डिप्टी कलेक्टर और DSP जैसे महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्ति के लिए आयोजित की जा रही है, जिसे लेकर अभ्यर्थियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।