Chaibasa News: पश्चिमी सिंहभूम जिले में उग्रवादी घटनाओं में जान गंवाने वाले दो लोगों के आश्रितों को राज्य सरकार की अनुकम्पा नीति के तहत नौकरी दी गई है। गुदड़ी थाना क्षेत्र में 12 जनवरी 2018 को सादो बारजो तथा आनंदपुर थाना क्षेत्र में 27 मार्च 2020 को नमन बुढ़ की हत्या कर दी गई थी। इन घटनाओं के बाद मृतकों के आश्रितों को आर्थिक सहायता और पुनर्वास के उद्देश्य से निम्नवर्गीय लिपिक पद पर नियुक्ति देने का निर्णय लिया गया।
समिति की मुहर, दो बैठकों में मिली स्वीकृति
इस संबंध में जिला स्तरीय अनुकम्पा समिति की बैठक 26 सितंबर 2025 और 20 मार्च 2026 को आयोजित की गई। पुलिस अधीक्षक द्वारा प्रस्तुत इस प्रस्ताव के आधार पर नियुक्ति को मंजूरी दी गई। निर्णय के तहत सादो बारजो की पत्नी एसरन सोय और नमन बुढ़ के पुत्र विकास बुढ़ को नियुक्ति प्रदान की गई।
नियुक्ति पत्र वितरण,पुनर्वास की ओर अहम कदम
शनिवार को जिला समाहरणालय स्थित उपायुक्त प्रकोष्ठ में आयोजित कार्यक्रम में उपायुक्त चंदन कुमार और पुलिस अधीक्षक अमित रेणु ने दोनों आश्रितों को नियुक्ति पत्र सौंपा। अधिकारियों ने कहा कि यह कदम प्रभावित परिवारों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और उनके पुनर्वास में सहायक साबित होगा। कार्यक्रम में कई गण्यमान्य लोग और पीड़ित परिवार के सदस्य भी उपस्थित रहे।