Jamshedpur News : पोटका प्रखंड अंतर्गत डोमजुड़ी उत्क्रमित उच्च विद्यालय की चारदीवारी तोड़े जाने के मामले को लेकर क्षेत्र में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। गुस्साए ग्रामीणों ने प्रशासन को साफ चेतावनी दी है कि यदि दो दिनों के भीतर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई, तो वे विद्यालय में ताला जड़ने को मजबूर होंगे।
दो दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो विद्यालय में ताला जड़ने की चेतावनी
इस मुद्दे को लेकर पंचायत समिति सदस्य जालिम मार्डी और बाबूलाल टुडू के नेतृत्व में दर्जनों ग्रामीण पोटका अंचल कार्यालय पहुंचे और दोषियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों ने बताया कि पूर्व विधायक अमूल्य सरदार के प्रयास से विद्यालय निधि से चारदीवारी का निर्माण कराया गया था, जिसका अंचल अधिकारी द्वारा विधिवत सीमांकन भी किया गया था।
पंचायत प्रतिनिधियों के नेतृत्व में ग्रामीणों ने अंचल कार्यालय पहुंचकर सौंपा ज्ञापन
ग्रामीणों का आरोप है कि इसके बावजूद गांव के एक परिवार ने करीब 20 फीट तक बाउंड्री को तोड़ दिया, जिससे इलाके में तनाव की स्थिति बन गई है। आसनबनी क्षेत्र के परगना हरि पोदो मुर्मू, माझी बाबा लेदेन किस्कू, गोपीनाथ मार्डी, गणेश कर्मकार और गोवर्धन सीट सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि इस संबंध में पहले ही अंचल अधिकारी निकिता बाला को आवेदन देकर जांच और कार्रवाई की मांग की गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
ग्रामीणों ने कहा कि वे दोबारा अंचल कार्यालय पहुंचे हैं और प्रशासन को स्पष्ट अल्टीमेटम दिया है। उन्होंने बताया कि मामले को लेकर जादूगोड़ा थाना, पोटका अंचल कार्यालय और धालभूमगढ़ एसडीओ को भी आवेदन सौंपा जा रहा है, ताकि जल्द से जल्द न्याय मिल सके।
इस दौरान गोवर्धन सीट, चुनाराम सोरेन, बुद्धेश्वर गोप, सोनाराम माझी, नवदीप दास समेत कई ग्रामीण मौजूद रहे।