Ranchi News: झारखंड परिमंडल के चीफ पोस्टमास्टर जनरल संजीव रंजन ने डाक सेवाओं को लेकर निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने रातू स्थित चिपरा शाखा डाकघर का दौरा कर वहां की कार्यप्रणाली और सेवाओं की विस्तृत समीक्षा की।
रातू के चिपरा शाखा डाकघर में सेवाओं का जायजा, ग्रामीण डाक सेवकों और नागरिकों से संवाद
निरीक्षण के दौरान उनके साथ डायरेक्टर डाक सेवा आर.वी. चौधरी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने डाकघर में चल रही विभिन्न सेवाओं का बारीकी से अवलोकन किया और मौके पर उपस्थित ग्रामीण डाक सेवकों तथा स्थानीय नागरिकों से सीधा संवाद किया।
बचत योजनाओं, IPPB और आधुनिक डाक सेवाओं की जानकारी देकर लोगों को किया जागरूक
इस दौरान अधिकारियों ने लोगों को डाक विभाग की विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी दी। खास तौर पर बचत योजनाओं, इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (IPPB) और अन्य आधुनिक वित्तीय सेवाओं के बारे में विस्तार से बताया गया, जिससे लोग इन सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ उठा सकें।
कार्यक्रम में डाक विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे, जिनमें डिप्टी डिविजनल मैनेजर, वरिष्ठ डाक अधीक्षक, डाक निरीक्षक सहित अन्य पदाधिकारी शामिल थे। चिपरा शाखा डाकघर के डाकपाल और स्थानीय कर्मियों ने अतिथियों का स्वागत किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने डाक सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने तथा ग्रामीण क्षेत्रों तक बेहतर सुविधा पहुंचाने पर जोर दिया। साथ ही लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए डाक विभाग की भूमिका को मजबूत करने की बात कही गई।