Jharkhand News: छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में आयोजित प्रथम खेलो इंडिया जनजातीय खेल-2026 में झारखंड के मलखंब खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया है. अपनी ताकत और संतुलन का परिचय देते हुए झारखंड की टीम ने बालक और बालिका, दोनों वर्गों में अपना कौशल दिखाया और ओवरऑल रैंकिंग में कांस्य पदक (ब्रॉन्ज मेडल) हासिल किया. इस ऐतिहासिक प्रतियोगिता में राज्य की खेल प्रतिभाओं ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि वे राष्ट्रीय स्तर पर किसी से कम नहीं हैं.
राज्यपाल से मिले विजेता खिलाड़ी
इस शानदार जीत के बाद झारखंड राज्य मलखंब एसोसिएशन के महासचिव डॉ. अजय झा के नेतृत्व में खिलाड़ियों ने शुक्रवार को लोकभवन में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से शिष्टाचार भेंट की. खिलाड़ियों ने राज्यपाल के साथ प्रतियोगिता के अनुभव साझा किए और जीत की खुशी मनाई. राज्यपाल ने खिलाड़ियों की मेहनत और कौशल की सराहना करते हुए उनकी पीठ थपथपाई और इस उपलब्धि को राज्य के लिए गौरव का क्षण बताया.
"खिलाड़ियों ने बढ़ाया राज्य का मान"
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए कहा कि हमारे राज्य के युवाओं में खेलों के प्रति गहरा जुनून है. उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण के कारण ही आज राष्ट्रीय स्तर पर झारखंड का नाम रोशन हो रहा है. राज्यपाल ने खिलाड़ियों को भविष्य में और भी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए निरंतर अभ्यास का मंत्र दिया.
जनजातीय प्रतिभाओं को मिला बड़ा मंच
छत्तीसगढ़ के सरगुजा स्थित गांधी स्टेडियम में आयोजित इस खेल उत्सव का आधिकारिक शुभंकर मोरवीर था. इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य जनजातीय क्षेत्रों की छिपी हुई खेल प्रतिभाओं को एक राष्ट्रीय मंच प्रदान करना था. झारखंड के खिलाड़ियों ने इस अवसर का भरपूर लाभ उठाया और पदक जीतकर राज्य की खेल संस्कृति को नई मजबूती दी है. इस सफलता से खेल प्रेमियों और मलखंब एसोसिएशन में खुशी की लहर है.