Jamshedpur: कदमा थाना क्षेत्र अंतर्गत रामनगर रोड नंबर 7 से एक दुखद घटना सामने आई है, जहां एक युवक ने फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। यह घटना गुरुवार शाम की बताई जा रही है। परिजनों को जैसे ही इसकी जानकारी मिली, आनन-फानन में पड़ोसियों की मदद से युवक को नीचे उतारकर टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। शुक्रवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिससे परिवार में मातम पसरा हुआ है।
बहन ने दरवाजा तोड़कर देखा तो सामने आया दर्दनाक मंजर
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान 23 वर्षीय अंकित शर्मा के रूप में हुई है, जो बीटेक की पढ़ाई कर रहा था। वह अपनी बहन के साथ कदमा में रहता था, जबकि उसकी मां की मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण उनका इलाज रांची में चल रहा है। घटना के दिन शाम को जब उसकी बहन उसे खाने के लिए बुलाने गई, तो काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला। शक होने पर उसने खिड़की से झांककर देखा, जहां अंकित कमरे के अंदर फांसी के फंदे से लटका हुआ था। यह दृश्य देखकर वह घबरा गई और तुरंत पड़ोसियों की मदद से दरवाजा तुड़वाया गया।
आर्थिक नुकसान बना तनाव का कारण
परिजनों के अनुसार अंकित पिछले कुछ समय से शेयर मार्केट में निवेश कर रहा था और इसमें उसे भारी नुकसान उठाना पड़ा था। बताया जा रहा है कि वह करीब 4 से 5 लाख रुपये तक गंवा चुका था, जिसके कारण वह मानसिक रूप से काफी तनाव में था। आशंका जताई जा रही है कि इसी तनाव के चलते उसने यह कठोर कदम उठाया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।