Seraikela: सरायकेला-खरसावां जिले के तिरुलडीह थाना क्षेत्र में अवैध बालू उत्खनन और उसके परिवहन के खिलाफ पुलिस ने सख्त कदम उठाते हुए छापेमारी की। यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई, जिसमें जानकारी मिली थी कि क्षेत्र में खुलेआम नियमों को ताक पर रखकर बालू का उठाव किया जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी कौशल कुमार ने टीम गठित कर त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया।
मौके से दो ट्रैक्टर जब्त
पुलिस टीम ने ग्राम कारकीडीह में छापेमारी करते हुए मौके से दो ट्रैक्टरों को पकड़ा, जिनमें अवैध रूप से बालू लदा हुआ था। जांच के दौरान पाया गया कि दोनों ट्रैक्टरों में लगभग 200 CFT बालू भरा हुआ था, जिसे बिना किसी वैध अनुमति के निकाला और ले जाया जा रहा था। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर थाना परिसर में सुरक्षित रख दिया है।
अभियान रहेगा जारी
पूरी कार्रवाई थाना प्रभारी कौशल कुमार के नेतृत्व में संपन्न हुई। उन्होंने बताया कि इस मामले में विधि सम्मत कार्रवाई की जा रही है और इसमें शामिल लोगों की पहचान भी की जा रही है। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में अवैध बालू उत्खनन के खिलाफ पुलिस का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि इस तरह की गतिविधियों पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।