Jharkhand Politics: महिला आरक्षण और परिसीमन के मुद्दे पर कांग्रेस ने केंद्र सरकार की नीति पर सवाल उठाते हुए इसे राजनीतिक रणनीति करार दिया है. प्रदेश कांग्रेस महासचिव सह मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने कहा कि पार्टी महिला सशक्तिकरण के पक्ष में है, लेकिन वर्तमान व्यवस्था में इस बिल को अनावश्यक शर्तों से जोड़कर इसके लागू होने को टालने की कोशिश की जा रही है.
कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि महिला आरक्षण को किसी भी तरह की प्रक्रिया से नहीं जोड़ा जाना चाहिए और इसे बिना देरी के लागू किया जाना चाहिए. पार्टी का कहना है कि यदि सरकार की मंशा स्पष्ट है, तो इसे जनगणना और परिसीमन जैसी जटिल प्रक्रियाओं से अलग रखते हुए तत्काल प्रभाव से लागू किया जाए.
पार्टी ने परिसीमन प्रक्रिया को लेकर भी चिंता जताई है. कांग्रेस के अनुसार, इससे राज्यों के बीच प्रतिनिधित्व का संतुलन प्रभावित हो सकता है, जो संघीय ढांचे के लिए चुनौती बन सकता है. साथ ही, महत्वपूर्ण विधेयकों को जल्दबाजी में लाने पर भी आपत्ति जताते हुए सरकार पर संवैधानिक प्रक्रियाओं की अनदेखी का आरोप लगाया गया है.
कांग्रेस ने केंद्र से मांग की है कि महिला आरक्षण को स्वतंत्र रूप से लागू किया जाए और परिसीमन जैसे अहम मुद्दे पर सभी दलों व राज्यों के साथ व्यापक चर्चा कर सहमति बनाई जाए.