Palamu News: पलामू जिले में बुधवार को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया. बेनी कला पंचायत के तरीपर-सबानो सड़क पर तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आने से एक ढाई साल के मासूम की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद गांव में मातम पसरा है.
घर के बाहर खेल रहा था बच्चा, अचानक ट्रैक्टर ने मारी टक्कर
मृतक की पहचान हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के सबानो टोला तरीपर गांव निवासी रंजीत पासवान के 2 वर्ष 3 माह के बेटे रामल्ला कुमार के रूप में हुई है. बताया गया कि बच्चा अपने घर के बाहर खेल रहा था, तभी तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उसे कुचल दिया. हादसा इतना गंभीर था कि बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई.
हादसे के बाद भागा चालक, ट्रैक्टर पलटा, ग्रामीणों की भीड़ और पुलिस कार्रवाई
घटना के बाद चालक ट्रैक्टर लेकर भागने लगा, लेकिन कुछ ही दूरी पर वाहन अनियंत्रित होकर खेत में पलट गया. इसके बाद चालक मौके से फरार हो गया. सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. हुसैनाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची, ट्रैक्टर को जब्त कर लिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया.
स्थानीय लोगों ने आरोपी चालक की जल्द गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की है. थाना प्रभारी चंदन कुमार ने बताया कि परिजनों के लिखित आवेदन के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
इस घटना ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से होने वाले हादसों पर सवाल खड़े कर दिए हैं. गांव में शोक का माहौल है और लोग आरोपी की गिरफ्तारी का इंतजार कर रहे हैं.