Ranchi News: रांची-टाटा मुख्य मार्ग पर बुधवार दोपहर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया. नामकुम थाना क्षेत्र के लदनापीढ़ी के पास चलती डस्टर कार में अचानक आग लग गई. कार में सवार जमशेदपुर के रजिस्ट्रार और उनके चालक ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचाई.
इंजन से धुआं उठते ही रोकी गई कार, स्थिती को भांपकर बडा हादसा टाला गया
जानकारी के अनुसार, जमशेदपुर के रजिस्ट्रार अपने चालक के साथ टाटा से रांची आ रहे थे. दोपहर करीब डेढ़ बजे जैसे ही उनकी कार लदनापीढ़ी के पास पहुंची, इंजन से अचानक धुआं निकलने लगा. स्थिति को भांपते हुए चालक ने तुरंत गाड़ी सड़क किनारे रोक दी. दोनों जैसे ही कार से बाहर निकले, आग तेजी से फैलने लगी. चालक की सतर्कता और त्वरित निर्णय ने संभावित बड़े हादसे को टाल दिया.
कुछ ही मिनटों में धूं-धूं कर जली कार, दमकल पहुंचने तक सब कुछ खत्म
कार से बाहर निकलने के कुछ ही देर बाद आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी तेज थी कि दूर से काले धुएं का गुबार साफ दिखाई दे रहा था. सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक डस्टर कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी.
घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन कार पूरी तरह नष्ट हो गई. यह घटना एक बार फिर सड़क पर चलते समय सतर्कता और वाहन की स्थिति पर ध्यान देने की अहमियत को दिखाती है.