Kolhan News: कोल्हान विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा कुलपति महोदया के नेतृत्व में हाल ही में 16 प्रोफेसरों एवं प्राचार्यो का ट्रांसफर एवं पोस्टिंग आदेश जारी किया जाना एक ऐतिहासिक एवं साहसिक निर्णय माना जा रहा है। झारखण्ड छात्र मोर्चा के कोल्हान सचिव पप्पू यादव ने इस पहल का जोरदार स्वागत करते हुए कहा कि यह कदम लंबे समय से रुकी हुई प्रक्रिया को पुनर्जीवित करने वाला है, जिससे विश्वविद्यालय में नई ऊर्जा का संचार होगा।
मनमानी पर अब लगाम, जवाबदेही की ओर बढ़ता कदम
उन्होंने बताया कि पिछले 5 वर्षों से स्थानांतरण प्रक्रिया ठप होने के कारण कई महाविद्यालयों में प्रशासनिक शिथिलता, मनमानी और जवाबदेही की कमी देखने को मिल रही थी। इसका सीधा असर छात्रों की पढ़ाई, सत्र संचालन और शैक्षणिक वातावरण पर पड़ा रहा था। ऐसे में कुलपति महोदया का यह निर्णय स्पष्ट संकेत देता है कि अब विश्वविद्यालय में भ्रष्टाचार, लापरवाही और अनियमितता को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पारदर्शिता की दिशा, छात्रहित सर्वोपरि
यह ट्रांसफर-पोस्टिंग प्रक्रिया विश्वविद्यालय में पारदर्शिता, अनुशासन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व्यवस्था को पुनर्स्थापित करने में मील का पत्थर साबित होगी। झारखण्ड छात्र मोर्चा ने प्रशासन से मांग की है कि नियमित समीक्षा कर इसी तरह छात्रहित से जुड़े कड़े निर्णय लिए जाएं, ताकि कोल्हान विश्वविद्यालय को एक आदर्श शैक्षणिक संस्थान बनाया जा सके।