Jharkhand News: सिमडेगा की माटी का गौरव अब देश की संसद और प्रधानमंत्री की चौखट तक पहुंच गया है। जलडेगा जैसे ग्रामीण क्षेत्र से निकलकर सिमडेगा महाविद्यालय की छात्रा संतोषी कुमारी ने “नारी शक्ति विकसित भारत की आवाज” कार्यक्रम के तहत राष्ट्रीय पटल पर झारखंड का नेतृत्व कर एक नई मिशाल लिख दी है।
गांव की बेटी बनी राष्ट्रीय मंच की नेता
संतोषी का चयन वूमेन मॉक यूथ पार्लियामेंट और भारत बजट क्वेस्ट 2026-27 के लिए हुआ, जहां उन्होंने न केवल नीति-निर्माण की बारीकियों को समझा, बल्कि सीधे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ वर्चुअल संवाद कर सिमडेगा का मान बढ़ाया। वनस्पति विज्ञान की इस छात्रा ने सीमित संसाधनों को अपनी कमजोरी नहीं, बल्कि अपनी ताकत बनाया।
सोच में गहराई के साथ आत्मविश्वास में निखार
कार्यक्रम के दौरान संतोषी ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर अपने प्रखर विचार साझा किए। उन्होंने महिला सशक्तिकरण को मात्र एक नीति नहीं, बल्कि समावेशी विकास की शांत क्रांति करार दिया। उनके आत्मविश्वास और तर्को ने निर्णायकों को इस कदर प्रभावित किया कि वे पूरे राज्य के लिए एक मिसाल बन गई।
बदलाव की प्रतीक बनी नई पीढ़ी
संतोषी का मानना है कि आज की महिला सशक्त होने का इंतजार नहीं करती, बल्कि खुद बदलाव का नेतृत्व करती है। उनकी यह सोच न केवल युवाओं को प्रेरित करती है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि छोटे शहरों और गांवों की बेटियां अब बड़े सपनों को साकार करने में पीछे नहीं हैं।