Jamshedpur New: जमशेदपुर, पूर्वी सिंहभूम जिला जनसंपर्क कार्यालयद्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने आरसेटी, कदमा में कौशल विकास कार्यक्रमों की समीक्षा की। उन्होंने प्रशिक्षण की गुणवत्ता सुधारने, नियमित फीडबैक लेने और प्रशिक्षण के परिणामों को जमीनी स्तर पर दिखाने पर जोर दिया। ब्यूटीशियन कोर्स की नई बैच से संवाद करते हुए उन्होंने युवाओं को आत्मनिर्भर बनने और स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
महिलाओं पर विशेष फोकस
उपायुक्त ने पूर्व में प्रशिक्षित सफल अभ्यर्थियों से बातचीत की, जिन्होंने बताया कि आरसेटी प्रशिक्षण से उनके जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाएं युवाओं और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। खासतौर पर ग्रामीण क्षेत्रों में महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने और अधिक लोगों को इन योजनाओं से जोड़ने पर बल दिया गया।
वित्तीय समावेशन में ठोस परिणामों पर बल
वित्तीय समावेशन की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने बैंकिंग संवाददाताओं को निर्देश दिया कि वे केवल शिविर तक सीमित न रहें, बल्कि खातों की सक्रियता, ऋण सुविधा और योजनाओं के वास्तविक लाभार्थियों तक पहुंच सुनिश्चित करें। बैठक में जिला स्तर पर कौशल विकास और वित्तीय सशक्तिकरण को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए, जिसमें एलडीएम, नाबार्ड, बैंक ऑफ इंडिया और अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।