Jamshedpur News : जुगसलाई थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध हथियार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 12 अप्रैल की रात वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम को सूचना मिली थी कि जुगसलाई थाना क्षेत्र के पार्वती घाट से गरीब नवाज कॉलोनी जाने वाले रास्ते पर अपराधियों का लगातार आवागमन हो रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार जुगसलाई थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।
वाहन जांच के दौरान बरामद हुए हथियार
छापामारी दल ने उक्त मार्ग पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया। इसी दौरान एक सफेद रंग की हुंडई वरना कार को रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान वाहन से एक अवैध 7.65 एमएम का देशी पिस्टल, एक मैगजीन और एक जिंदा गोली बरामद की गई। मौके से 19 वर्षीय युवक मो. शहजादा को गिरफ्तार कर लिया गया, वहीं उसके पास से एक मोबाइल भी जब्त किया गया।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी का संबंध किसी आपराधिक गिरोह से है या नहीं।