Dhanbad News : जिले के पूर्वी टुंडी प्रखंड में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां शादी से पहले युवती के नाम से गांव में धमकी भरे पर्चे फेंक दिए गए। इस घटना के बाद लड़का पक्ष ने शादी से पीछे हटने का फैसला कर लिया, जिससे दोनों परिवारों में हड़कंप मच गया।
गांव में मचा हड़कंप
जानकारी के अनुसार, पूर्वी टुंडी के केंदुआटांड़ गांव निवासी एक बीसीसीएल कर्मी के बेटे की शादी नारायणपुर थाना क्षेत्र के बौआ (गोकुला) गांव की युवती से 21 अप्रैल को तय हुई थी। शादी की तैयारियां अंतिम चरण में थीं। इसी बीच शनिवार रात केंदुआटांड़ और टेसराटांड़ गांव में किसी अज्ञात व्यक्ति ने युवती के नाम से लिखे कई धमकी भरे पर्चे फेंक दिए। पर्चों में लड़के को शादी न करने की चेतावनी दी गई थी और ऐसा न करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की बात कही गई थी।
सुबह जब ग्रामीणों ने इन पर्चों को देखा तो पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की चर्चा तेजी से फैलने लगी और माहौल तनावपूर्ण हो गया। धमकी भरे पर्चों के सामने आने के बाद लड़का पक्ष ने शादी से पीछे हटने का फैसला कर लिया। अचानक रिश्ता टूटने से दोनों परिवार सदमे में हैं और गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
साजिश की जताई जा रही आशंका
परिजनों और ग्रामीणों का कहना है कि किसी शरारती तत्व ने जानबूझकर यह हरकत की है, ताकि शादी रुक जाए। इसे साजिश के रूप में देखा जा रहा है और दोषियों की पहचान की मांग की जा रही है। मामले की सूचना स्थानीय पुलिस को दे दी गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और पर्चे फेंकने वाले अज्ञात लोगों की तलाश जारी है।