Sahibganj News: झारखंड के साहिबगंज जिले के बरहेट प्रखंड अंतर्गत तलबढ़िया स्थित एसबीआई शाखा से एक गंभीर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है. यहां कृषि लोन रिन्यूअल के नाम पर दर्जनों गरीब लाभुकों के खातों से पैसे निकाल लिए गए. आरोप है कि इस पूरे मामले में बैंक के ब्रांच मैनेजर, सीएसपी संचालक और एक बिचौलिया की मिलीभगत है.
कैसे हुई ठगी
जानकारी के अनुसार, विभिन्न गांवों के गरीब और अशिक्षित लाभुकों को कृषि लोन रिन्यूअल कराने के बहाने बैंक बुलाया गया. वहां उनसे आधार कार्ड, बैंक पासबुक, फोटो और अंगूठा निशान लिया गया. इसके बाद कदमा स्थित एक सीएसपी केंद्र के जरिए उनके खातों से चुपचाप पैसे निकाल लिए गए. लाभुकों को इसकी कोई जानकारी नहीं दी गई.
जब कुछ लोगों को शक हुआ और उन्होंने अपने खाते की जांच कराई, तब पूरे घोटाले का खुलासा हुआ.
पीड़ितों ने क्या बताया
पीड़ितों का कहना है कि उनकी अशिक्षा का फायदा उठाकर उन्हें ठगा गया. सीपी पहाड़िन, बेटका सोरेन और बदरी पहाड़िन समेत कई लोगों ने बताया कि वासुदेव पहाड़िया नामक व्यक्ति उन्हें लोन रिन्यूअल के नाम पर बैंक ले गया.
बाद में उनके खातों से पैसे निकाल लिए गए, लेकिन उन्हें एक भी रुपया नहीं मिला.
कुछ मामलों में निकासी की रकम इस प्रकार है:
बंदरी पहाड़िन: 13,713 रुपये निकाले गए
बेटका सोरेन: 19,600 रुपये निकाले गए
सीबी पहाड़िन: 9,400 रुपये निकाले गए
बैंक से नहीं मिला जवाब
पीड़ित जब शिकायत लेकर बैंक पहुंचे तो उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला. एसबीआई तलबढ़िया शाखा के प्रबंधक से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनका पक्ष सामने नहीं आ सका.
प्रशासन से कार्रवाई की मांग
पीड़ितों ने प्रशासन से मांग की है कि उनके पैसे वापस दिलाए जाएं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो. ताकि भविष्य में भोले-भाले आदिवासी लोगों के साथ इस तरह की ठगी न हो.
बैंक का बयान
एसबीआई पाकुड़ के क्षेत्रीय प्रबंधक पवन कुमार ने कहा है कि यदि जांच में किसी भी बैंक अधिकारी की संलिप्तता पाई जाती है, तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.