Jamshedpur: घोड़ाबांधा स्थित साई मोटर हॉल में भारतीय जनता पार्टी, जमशेदपुर महानगर के घोड़ाबांधा मंडल के तत्वावधान में पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का द्वितीय सत्र विशेष रूप से महत्वपूर्ण रहा, जिसमें झारखंड भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अमरप्रीत सिंह काले मुख्य रूप से शामिल हुए। इस दौरान बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं की उपस्थिति देखी गई।
वैचारिक अधिष्ठापन पर दिया जोर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अमरप्रीत सिंह काले ने “वैचारिक अधिष्ठापन” विषय पर अपने विचार रखते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी की नींव राष्ट्रवाद, अंत्योदय और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों पर आधारित है। उन्होंने कहा कि “राष्ट्र प्रथम” का विचार ही भाजपा कार्यकर्ताओं की असली ताकत है और इसी भावना के साथ निरंतर कार्य करना संगठन को मजबूत बनाता है।
एकात्म मानववाद की प्रासंगिकता बताई
काले ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद के सिद्धांत को वर्तमान सामाजिक और राजनीतिक परिदृश्य में अत्यंत प्रासंगिक बताया। उन्होंने कहा कि यह विचारधारा समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने का मार्ग दिखाती है और यही भाजपा की कार्यशैली का मूल आधार भी है।
कार्यकर्ताओं को संगठन मजबूत करने का संदेश
उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि संगठन की मजबूती के लिए विचारों की स्पष्टता, अनुशासन और समर्पण बेहद जरूरी है। साथ ही उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य करें। इस प्रशिक्षण महाअभियान के जरिए कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक कार्यप्रणाली, वैचारिक दृष्टिकोण और जनसेवा के प्रति जागरूक और प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।