Jamshedpur News : सुंदरनगर थाना क्षेत्र स्थित हाता रोड पर शनिवार दोपहर एक चिप्स और कुरकुरे के गोदाम में भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। कृष्णा ढाबा के समीप स्थित ‘सौरभ इंटरप्राइजेज’ नामक इस गोदाम से अचानक उठती लपटों और घने धुएं को देख स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। प्रारंभिक आशंका शॉर्ट सर्किट की जताई जा रही है।
दमकल कर्मियों ने आग बुझाने में की मशक्कत
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया गया। गोदाम में बड़ी मात्रा में ज्वलनशील सामग्री होने के कारण आग तेजी से फैलती गई, जिससे आग बुझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। खबर लिखे जाने तक आग पूरी तरह से नियंत्रित नहीं हो सकी थी।
दमकल कर्मियों ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए गोदाम का गेट और छत काटकर अंदर प्रवेश किया और भीतर से आग बुझाने का प्रयास किया। उनकी तत्परता से आग आसपास के रिहायशी इलाकों तक नहीं फैल पाई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
मौके पर सुंदरनगर थाना की पुलिस भी पहुंची और स्थिति पर नजर बनाए रखी। गोदाम मालिक के अनुसार आग से लाखों रुपये के नुकसान की आशंका है, हालांकि वास्तविक नुकसान का आकलन अभी नहीं किया गया है। पुलिस द्वारा आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। घटना के बाद इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई और सभी आग बुझने का इंतजार करते रहे।