Gamharia News: गम्हरिया थाना क्षेत्र के टायो कॉलोनी के पीछे स्थित डैम में शनिवार सुबह एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से हड़कंप मच गया. शंकरपुर गांव के ग्रामीण जब सुबह नहाने पहुंचे, तो उन्हें पानी में शव तैरता दिखा, जिसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई. थाना प्रभारी रामचंद्र रजक ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय तैराकों की मदद से शव को बाहर निकलवाया. शव की हालत काफी खराब है और वह करीब 4-5 दिन पुराना लग रहा है, जिस कारण फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो सकी है.
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव, गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया है. थाना प्रभारी के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी. फिलहाल पुलिस आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की शिकायतों का मिलान कर रही है और टायो कॉलोनी व शंकरपुर के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है. डैम के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की भी जांच की जा रही है ताकि कोई सुराग मिल सके.
असामाजिक तत्वों का जमावड़ा और सुरक्षा पर उठे सवाल
स्थानीय ग्रामीणों ने डैम के आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम न होने पर रोष व्यक्त किया है. लोगों का आरोप है कि डैम की घेराबंदी नहीं होने और शाम के वक्त असामाजिक तत्वों के जुटने से यहां हमेशा खतरा बना रहता है. ग्रामीणों ने प्रशासन से परिसर की फेंसिंग और लाइटिंग दुरुस्त करने की मांग की है. पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी का परिवार का सदस्य पिछले कुछ दिनों से लापता है, तो वह पहचान के लिए गम्हरिया थाना से तत्काल संपर्क करे.