Baharagora: बहरागोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-49 स्थित माटिहाना फ्लाईओवर पर शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना घटी, जिसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि युवक बाइक से जा रहा था, तभी अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और तेज रफ्तार में उसकी बाइक सीधे डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक सड़क पर गिरकर बुरी तरह जख्मी हो गया और मौके पर ही तड़पने लगा।
घायल युवक की पहचान, काम से लौट रहा था घर
घायल की पहचान बहुलिया पंचायत के धनाडाही गांव निवासी चंदन खामराई के रूप में हुई है, जो एक स्थानीय होटल में कर्मचारी के तौर पर काम करता है। मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार दोपहर वह अपनी बाइक से घर से बहरागोड़ा की ओर जा रहा था, तभी फ्लाईओवर पर अचानक उसकी बाइक अनियंत्रित हो गई और यह हादसा हो गया।
बड़ा हादसा टला, मौके पर जुटी भीड़
घटना के समय युवक के पीछे कोई भारी वाहन नहीं था, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई, अन्यथा स्थिति और भी भयावह हो सकती थी। हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और देखते ही देखते वहां भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल को संभाला और तुरंत मदद की व्यवस्था की।
एम्बुलेंस से अस्पताल पहुंचाया, हालत गंभीर
ग्रामीणों की मदद और राष्ट्रीय राजमार्ग द्वारा उपलब्ध कराई गई एम्बुलेंस के जरिए घायल युवक को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बहरागोड़ा पहुंचाया गया। वहां मौजूद डॉक्टरों ने उसका प्राथमिक उपचार किया, लेकिन उसकी हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए ओडिशा के बारीपदा स्थित पीआरएम मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। फिलहाल युवक की स्थिति नाजुक बनी हुई है और उसका इलाज जारी है।