Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-04-10

Jamshedpur News: सोनारी में प्रेमी की बातों से आहत युवती ने लगाई फांसी, सिदगोड़ा के युवक पर पिता ने कराया मामला दर्ज

Jamshedpur: सोनारी थाना क्षेत्र में एक 27 वर्षीय युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जानकारी के अनुसार गांधी रोड, पुराना सोनारी निवासी बैजनाथ प्रसाद ने थाना में लिखित आवेदन देकर बताया कि उनकी पुत्री पूजा कुमारी ने 9 अप्रैल की सुबह करीब 11 बजे घर के अंदर कमरे का दरवाजा बंद कर पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की।

शादी की बात के बीच सामने आया प्रेम प्रसंग
परिजनों के अनुसार पूजा कुमारी की शादी तय होने वाली थी और इसी सिलसिले में बीते रविवार को वे लोग लड़का देखने के लिए गए थे, जहां पूजा भी साथ गई थी। वहां से लौटने के बाद उसने अपने परिजनों को बताया कि उसका किसी युवक के साथ प्रेम प्रसंग है और वह उसी से शादी करना चाहती है। बताया जा रहा है कि उक्त युवक से उसकी मुलाकात चाईबासा में बीटेक की पढ़ाई के दौरान हुई थी। इसके बाद लड़की द्वारा दिए गए मोबाइल नंबर पर उसके पिता ने कई बार संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन युवक ने कॉल रिसीव नहीं किया।

फोन पर बातचीत के बाद हुई घटना
बताया जा रहा है कि घटना से एक रात पहले पूजा कुमारी की अपने मित्र से फोन पर बातचीत हुई थी। परिजनों का कहना है कि बातचीत के दौरान युवक द्वारा कुछ ऐसी बात कही गई, जिससे वह मानसिक रूप से आहत हो गई। इसके बाद अगले दिन सुबह उसने यह आत्मघाती कदम उठा लिया। पिता बैजनाथ प्रसाद ने अपने आवेदन में आरोप लगाया है कि सिदगोड़ा क्षेत्र में रहने वाला विजय कुमार, जो उनकी पुत्री का मित्र था, उसी की कही बातों से आहत होकर उनकी बेटी ने आत्महत्या की।

युवक के खिलाफ केस दर्ज, शव परिजनों को सौंपा गया
मृतका के पिता के लिखित आवेदन के आधार पर सोनारी थाना में विजय कुमार के खिलाफ आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के आरोप में धारा 108 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। वहीं पोस्टमार्टम कराने के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया है।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !