Jamshedpur: सोनारी थाना क्षेत्र में बीती रात एक घर में चोरी की नीयत से घुसे आरोपी को पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मौके से ही गिरफ्तार कर लिया। जानकारी के अनुसार 8 और 9 अप्रैल की मध्यरात्रि में डायल 112 पर रितेश अग्रवाल ने सूचना दी कि सीएच एरिया झबरी बस्ती स्थित उनके घर में एक चोर घुस गया है। सूचना मिलते ही गश्ती दल तुरंत मौके पर पहुंचा और घर की घेराबंदी कर तलाशी शुरू की। तलाशी के दौरान एक व्यक्ति घर के कोने में छिपा हुआ मिला, जिसे पकड़कर पूछताछ की गई
पूछताछ में सामने आई पहचान और चोरी की नीयत
पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम लखन महली उर्फ राजेंद्र महली उर्फ रवि महली उर्फ टाटा विडला, निवासी भोजडीह थाना बुंडू, जिला रांची बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक पिलास और एक छोटा पॉकेट टॉर्च बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह चोरी करने के इरादे से घर में घुसा था और पहले भी चोरी के मामलों में जेल जा चुका है।
कई पुराने मामलों में भी जुड़ाव स्वीकार किया
पूछताछ के दौरान आरोपी ने सोनारी थाना क्षेत्र के अन्य मामलों में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की। इसमें 28 अगस्त 2025 को दर्ज स्कूटी चोरी का मामला और 20 सितंबर 2025 को साईं मंदिर से मुकुट चोरी का मामला शामिल है। इसके अलावा उसके आपराधिक इतिहास में वर्ष 2020 के कई स्कूटी और बाइक चोरी के मामले भी दर्ज हैं, जिनमें वह आरोप पत्रित रह चुका है।
जेल से छूटने के बाद फिर शुरू की चोरी
पुलिस के अनुसार आरोपी पूर्व में झबरी बस्ती का रहने वाला था, लेकिन करीब 25 वर्ष पहले वह अपना घर बेचकर बुंडू स्थित ससुराल में रहने लगा था। इसके बावजूद वह सोनारी क्षेत्र के हर हिस्से से भली-भांति परिचित था। जानकारी के मुताबिक वह देर रात बुंडू से यहां आता था, चोरी की घटना को अंजाम देता और फिर वापस लौट जाता था। बता दें कि वह 11 नवंबर 2020 से 8 अगस्त 2025 तक घाघीडीह जेल में सजा काट चुका है और बाहर आने के बाद फिर से चोरी की घटनाओं में शामिल हो गया।
छापेमारी टीम में शामिल थे कई पुलिसकर्मी
इस पूरी कार्रवाई में सोनारी थाना प्रभारी मधुसूदन दे के नेतृत्व में पुलिस टीम सक्रिय रही। टीम में दिवाकर धोबी, संजय कुमार सिंह, योगेश कुमार सिंह और आरक्षी दलगीर सिंह शामिल थे।