Back to Top

Facebook WhatsApp Telegram YouTube Instagram
Push Notification

🔔 Enable Notifications

Subscribe now to get the latest updates instantly!

Jharkhand News26 – fastest emerging e-news channel.
  • 2026-04-09

Jamshedpur News: उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की निगरानी में झारखंड उत्पाद सिपाही परीक्षा की तैयारी पूरी, जमशेदपुर के 77 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा के बीच होगी परीक्षा

Jamshedpur: झारखंड उत्पाद सिपाही प्रतियोगिता परीक्षा 2026 का आयोजन 12 अप्रैल रविवार को पूर्वी सिंहभूम जिला मुख्यालय जमशेदपुर स्थित 77 परीक्षा केंद्रों पर तीन पालियों में कराया जाएगा। परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जमशेदपुर के सिदगोड़ा टाउन हॉल में दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों और केंद्राधीक्षकों की विशेष ब्रीफिंग आयोजित की गई। इस दौरान जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी और पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) ऋषभ गर्ग ने मौजूद अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वहीं एडीएम लॉ एंड ऑर्डर राहुल जी आनंद तथा अनुमंडल पदाधिकारी धालभूम अर्नव मिश्रा ने परीक्षा के सफल संचालन के लिए प्रशासनिक, सुरक्षा और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं की विस्तार से जानकारी दी। परीक्षार्थियों का रिपोर्टिंग समय सुबह 7 बजे निर्धारित किया गया है।

तीन पालियों में होगी परीक्षा
प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार परीक्षा प्रथम पाली में सुबह 8:30 बजे से 10:30 बजे तक आयोजित होगी। दूसरी पाली 11:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक चलेगी, जबकि तीसरी पाली दोपहर 3:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक आयोजित की जाएगी। जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि परीक्षा को पूरी तरह कदाचारमुक्त बनाने के लिए प्रत्येक केंद्र पर स्टैटिक दंडाधिकारी तैनात किए गए हैं। इसके अलावा पेट्रोलिंग दंडाधिकारी, उड़नदस्ता दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की भी प्रतिनियुक्ति की गई है। सभी अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि परीक्षा समाप्त होने तक अपने दायित्वों का पूरी ईमानदारी और सतर्कता से निर्वहन करें।



इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूरी तरह प्रतिबंध
परीक्षार्थियों के लिए भी सख्त निर्देश जारी किए गए हैं। परीक्षा कक्ष में किसी भी प्रकार का इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जैसे मोबाइल फोन, ब्लूटूथ, ईयरफोन, डिजिटल डायरी, कैलकुलेटर, पेजर, अन्य गैजेट्स, लॉग बुक, पुस्तक, नोटबुक, बैग आदि ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



बायोमेट्रिक उपस्थिति और कड़ी जांच की व्यवस्था
परीक्षा केंद्रों पर शांति और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ निष्पक्ष, स्वच्छ और शांतिपूर्ण परीक्षा संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। आयोग की ओर से सभी परीक्षार्थियों की बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज कराने की व्यवस्था की गई है। प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे बायोमेट्रिक डेटा संग्रहण की प्रक्रिया का गहन निरीक्षण करें ताकि कोई भी परीक्षार्थी उपस्थिति दर्ज कराने से वंचित न रह जाए। पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) ऋषभ गर्ग ने कहा कि किसी भी परिस्थिति में बिना जांच के किसी परीक्षार्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। महिला अभ्यर्थियों की जांच महिला पुलिस पदाधिकारी और महिला पुलिस बल द्वारा की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहेंगे।
WhatsApp
Connect With WhatsApp Cannel !